बिरालसी-रोनी हरजीपुर के बीच कल्लरपुर रजबहे की पटरी करीब पांच फीट धंस गई। मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर को जोड़ने वाले इस मार्ग से करीब 10 घंटे वाहनों की आवाजाही बंद रही। सिंचाई विभाग की टीम पहुंची और पटरी की मरम्मत कराकर वाहनों का आवागमन शुरू कराया। जांच में सामने आया कि जानवर सेह ने पटरी के नीचे सुरंग बनाकर जमीन खोखली कर दी थी।
सिंचाई विभाग ने कराई मरम्मत।
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार रात करीब 12 बजे बिरालसी से लालूखेड़ी जाने वाली रजबहे की पटरी टूट गई। पटरी के बीच करीब पांच से छह फीट गहरा गड्ढा बन गया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से रोनी हरजीपुर बिजलीघर के पास क्षतिग्रस्त पटरी के दोनों तरफ ट्रैक्टर ट्रॅाली आदि से रूकावट कराकर वाहनों का आवागमन रूकवाया।
इस मार्ग से पानीपत खटीमा मार्ग से सहारपुर एवं मुजफ्फनरगर के चरथावल एवं बघरा क्षेत्र में जाने वाले वाहन वैकल्पिक मार्गों से लंबी दूरी तय कर गंतत्य तक पहुंचे। बारिश के कारण गांवों के संपर्क मार्गों पर कीचड़ में जोखिम उठाना पड़ा।
भाकियू नेता विकास शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को मोबाइल फोन से सूचित किया। संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर जेसीबी मशीन लगाकर मिट्टी भराव कर क्षतिग्रस्त पटरी को अस्थायी रूप से ठीक कराई। इसके बाद मार्ग पर हल्के वाहनों का आवागमन शुरू हो पाया।
बिरालसी से लालूखेड़ी तक गड्ढों में तब्दील पटरी
बिरालसी से लालूखेड़ी मार्ग के करीब 10 किमी टुकड़े में गड्ढे बन गए है। ग्राम प्रधान विनोद पुंडीर और हिंदू संगठन के नेता अंकुर राणा ने बताया इस मार्ग पर जिले की सीमा में सोहंजनी जाटान, पीपलहेड़ा, रोनी हरजीपुर बिजलीघर के पास, बिरालसी चौकी के पास सड़क जमीन में धंसने से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
तीन जिलों के करीब 20 गांवों को जोड़ती है पटरी
कल्लरपुर रजबहे की पटरी तीन जिलों के करीब 20 गांवों को जोड़ती है। बड़ी संख्या में वाहन इस मार्ग पर फर्राटा भरते हैं। दो टोल देने से बचने के लिए भारी वाहन भी इस पटरी पर नजर आते हैं। पानीपत खटीमा राजमार्ग पर लालूखेड़ी प्लाईओवर से उतरकर वाहन मुजफ्फरनगर सोहंजनी, पीपलहेड़ा, मंगनपुर, रोनी हरजीपुर, बिरालसी, बलवाखेड़ी, पिलखनी, कान्हाहेड़ी, और सहारनपुर के नानौता, जडौदा पांडा, मोहन अंबेहटा, मोरा और शामली के कई गांवों को जाने के लिए इस पटरी का प्रयोग करते हैं। दरअसल इस मार्ग से जाम का झंझट नहीं रहता। करीब 10 घंटे मार्ग के अवरूद्ध होने से हजारों वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
सेह के खोखला करने से टूटी पटरी: अधिशासी अभियंता
निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह ने बताया कि सेह जानवर ने पटरी को खोखला कर दिया। इस कारण यह क्षतिग्रस्त हुई थी। विभागीय टीम ने इसे ठीक करा दिया है। वाहनों का आवागमन पूर्ववत चालू हो गया है। इस पटरी पर गड्ढों को भरवाया गया है। एसडीओ इकरार अहमद मौजूद रहे।