मुजफ्फरनगर जनपद में शाहपुर क्षेत्र के सोरम गेट के पास अनियंत्रित कार की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक रिश्तेदारी से लौट रहे थे।
बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव लुहसाना निवासी अंकित राठी (25) अपने मामा बागपत के थाना दोघट क्षेत्र के गांव बामनौली निवासी नीटू (42) के साथ भोपा क्षेत्र के नन्हेड़ा गांव स्थित रिश्तेदारी में गए थे। दोनों बाइक पर सवार होकर सोमवार देर रात वापस लुहसाना लौट रहे थे। जब वह बुढ़ाना रोड पर सोरम गेट के पास पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रही अनियंत्रित कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मामा-भांजे सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: काम पर लौटा बुलडोजर: शपथ से पहले मेरठ में बड़ी कार्रवाई, कुख्यात बदन सिंह बद्दो का ठिकाना किया जमींदोज
इसके बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। जिसके बाद परिजन शाहपुर थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक अंकित के पिता मुकेश ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार हो गया।
लुहसाना और बामनौली में गम का माहौल
हादसे की जानकारी मिलते ही बामनौली और लुहसाना के ग्रामीण शाहपुर पहुंच गए। दोनों गांव में गम का माहौल बना हुआ है। मृतक नीटू पहले गांव से अपनी बहन के घर पहुंचा था और इसके बाद दोनों नन्हेड़ा गए थे।
यह भी पढ़ें: चुनावी रंजिश में खूनी संघर्ष: मेरठ के इस गांव में जमकर पथराव और फायरिंग, 12 लोग हुए घायल, देखिए तस्वीरें