कोर्ट के फैसले के बाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। शनिवार को रोडवेज बस और ट्रेनों में यात्री कम रहे। रोडवेज को करीब छह लाख रुपये का घाटा हुआ है, जबकि रेलवे की आय भी करीब 20 प्रतिशत प्रभावित रही।
माह का दूसरा शनिवार होने के कारण सरकारी दफ्तरों में अवकाश रहा और कचहरी भी बंद रही। अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आना था, जिस कारण देहात के लोगों ने शहर का रुख कम ही किया। इसका असर रोडवेज बस और रेल यात्रा पर भी पड़ा। शनिवार को मुजफ्फरनगर डिपो के बेड़े की सभी 193 बसें, जिनमें 132 निगम की और 61 अनुबंधित बसें मार्ग पर उतारी थीं, लेकिन पर्याप्त यात्री नहीं मिल सके। मुजफ्फरनगर-शामली-कैराना, बड़ौत, बिजनौर मार्ग पर कम यात्री मिले। दिल्ली-हरिद्वार मार्ग की बसों में भी यात्रियों की संख्या कम ही रही। एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को करीब 30 प्रतिशत यात्रा कम मिले, जिससे डिपो को करीब छह लाख का घाटा हुआ। उधर, रेल में भी यात्री कम ही दिखाई दिए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार शनिवार को रेलवे की आय भी करीब 20 प्रतिशत प्रभावित हुई है।