मोरना। गांव ककराला निवासी एक महिला ने गांव के ही ठेकेदार पर ग्राम पंचायत में खड़े पेड़ को काटते समय उसके खेत में खड़े पेड़ तोड़ऩे व गेहूं की फसल को नुकसान लेकर का आरोप लगाते हुए बखेड़ा खड़ा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में ले लिया। वहीं मौके पर वन विभाग के सुनील कुमार वनरक्षक व कांस्टेबल रमेशचंद्र ने ग्राम पंचायत में खड़े आम के पेड़ को काटने पर ग्रामीणों से जानकारी ली।
भोपा के गांव ककराला में बृहस्पतिवार को पूर्व ग्राम प्रधान अनुज ने ग्रामीणों की सहमति से ग्राम पंचायत में खड़े आम के पेड़ को क्षेत्र निवासी ठेकेदार एहसान से कटवाने के लिए कहा। जब वह पेड़ को काट रहा था, तो अचानक पेड़ टूटकर बराबर में विमलेश पत्नी भूषण के गेहूं के खेत में जा गिरा, जिससे उसके खेत में गेहूं की फसल खराब हो गई और चार पापुलर व एक यूकेलिपिटस का पेड़ टूट गया। इसे देखकर महिला ने हंगामा खड़ा कर दिया और उसने डायल 112 को फोन कर जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी ठेकेदार एहसान को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी एमएस गिल ने बताया कि सरकारी संपत्ति में खड़े पेड़ को काटने का मामला सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है।