दो दिन से चल रहा था नाली को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, छपार गांव में हारुण और अनवार पक्ष के बीच नाली को लेकर दो दिन से विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद अनवार पक्ष के लोगों ने हारुण के घर पर हमला कर दिया।
पथराव में सिर पर लगी ईंट, अस्पताल में मौत
हमले के दौरान घर पर पथराव किया गया। इस दौरान ईंट लगने से हारुण के सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल हारुण को परिजन और पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
छह लोगों के खिलाफ दी गई तहरीर
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि मामले में वादी गुलशाना की ओर से अनवर, फरहान, रुखसार, इमराना, रेशमा और नौशीदा के खिलाफ तहरीर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच नाली को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी पक्ष के छह लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।