हरिद्वार से गंगाजल लेकर पुरा महादेव जा रहे बागपत के कांवड़िये को पीछे से आई बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में कांवड़ खंडित हो गई। बाइक सवार मौके से फरार हो गया। नाराज कांवड़ियों ने हंगामा किया और सड़क किनारे बैठ गए। पुलिस ने शिव मंदिर में कांवड़ का शुद्धीकरण कराकर कांवड़ियों को मनाया। इसके बाद देर रात कांवड़िये रवाना हो गए।
मंदिर में कराया शुद्धीकरण।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत के छपरौली का रोहित अपने साथियों के साथ कांवड़ लेकर बुढ़ाना मोड़ पहुंचा था। यहां पर हादसे में उसकी कलश कांवड़ खंडित हो गई। कांवड़ मार्ग से गुजर रहे सोनीपत के कांवड़िये रोहित के समर्थन में रुक गए। शामली और बुढ़ाना कांवड़ मार्ग पर भीड़ लग गई। कांवड़ियों के अलावा आसपास के दुकानदार और राहगीर भी रुक गए।
खालापार, शहर कोतवाली और कांवड़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसपी के. सिद्धार्थ मिश्रा भी जानकारी मिलते ही मौके पहुंचे। कांवड़ियों का कहना था कि हरिद्वार से पैदल चलकर ही कांवड़ मंगाई जानी चाहिए। आरोपी की तलाश कर गिरफ्तारी हो।
पुलिस ने थाने से गंगाजल देने या किसी वाहन से हरिद्वार से गंगाजल मंगाने की बात कही। इस पर काफी देर तक गहमा-गहमी चलती रही। बाद में कांवड़ियों को शिव मंदिर में शुद्धीकरण की बात पर मना लिया गया। यहां देर रात पुजारी ने शुद्धीकरण किया। इसके बाद कांवड़िये गंतव्य के लिए रवाना हो गए। एएसपी ने बताया कि कांवड़ियों को रवाना कर दिया गया है।
हाईवे बंद, फिर भी टोल पर वाहनों की कतार
कांवड़ के चलते पानीपत-खटीमा हाईवे भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। इसके बावजूद दिनभर वाहनों की आवाजाही रही। बृहस्पतिवार रात जागाहेड़ी टोल पर ट्रकों की लंबी कतार लगी रही।