सुरेंद्र, रॉबिन और कल्लू की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
छपरौली कस्बे की पट्टी कुरैशियान में बृहस्पतिवार शाम कपड़ा कारोबारी परवेज कुरैशी के मकान की दूसरी मंजिल का छज्जा टूटकर गिर गया। उसकी चपेट में आने से पहली मंजिल के छज्जे पर काम कर रहे राजमिस्त्री सुरेंद्र (65) और उनके दामाद मजदूर रोबिन (30) की मौके मौत हो गई। जबकि मलबे के नीचे दबने से घायल मजदूर कल्लू (30) ने बड़ौत के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सीओ और एसडीएम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
कस्बे की पट्टी कुरैशियान में पिछले एक साल से कपड़ा कारोबारी परवेज के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां पट्टी जगमलान निवासी राजमिस्त्री सुरेंद्र, अपने दामाद मजदूर रोबिन निवासी निरधाना मुजफ्फरनगर और कल्लू के साथ काम कर रहे थे।
बृहस्पतिवार शाम सुरेंद्र और रोबिन मकान की पहली मंजिल के छज्जे पर दीवार में डिजाइन निकालने का काम कर रहे थे, जबकि मजदूर कल्लू नीचे से चिनाई का सामान ऊपर पहुंचा रहा था। शाम करीब छह बजे मकान की दूसरी मंजिल का छज्जा टूटकर पहली मंजिल के छज्जे पर गिर गया। सुरेंद्र, रोबिन और कल्लू नीचे गिरकर मलबे में दब गए।
हादसा होते ही वहां अफरातफरी मच गई। तीनों को बचाने के लिए आसपास के लोग दौड़कर वहां आए। लोगों ने आनन-फानन मलबा हटाया, लेकिन तब तक सुरेंद्र और रोबिन की मौत हो चुकी थी। लोगों ने घायल मजदूर कल्लू का सीएचसी में उपचार कराया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। कल्लू की बड़ौत के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं मृतकों के परिजनों रोकर बुरा हाल है। एसडीएम और सीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
ये भी देखें...
Baghpat: सीआरपीएफ इंस्पेक्टर के दो बेटों को लगा करंट, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर, नलकूप पर हुआ हादसा