तितावी के गांव मुकुंदपुर निवासी मोहित (29) ने घरेलू परेशानी के चलते गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कुछ दिन से मोहित गुमसुम सा रहने लगा था। शव को मोर्चरी भेजकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोहित मुजफ्फरनगर में सिंचाई विभाग में नौकरी करता था। उसकी नौकरी को अभी लगभग डेढ़ वर्ष ही हुआ था। वह अधिकतर चुपचाप ही रहता था। परिवार में एक छोटा भाई रोहित और मम्मी-पापा हैं। पिता के पास 10 बीघा जमीन है। कुछ जमीन ठेके पर लेकर खेती कर रहे हैं।
गांव वालों ने बताया कि स्नातक की शिक्षा प्राप्त करने के बाद मोहित की सिंचाई विभाग में नौकरी लग गई। कुछ दिनों से वह किसी सोच विचार में रहता था और गुस्सा बहुत करता था। एक साल पहले भी उसने अपने दाहिने हाथ की उंगली काट ली थी। सोमवार रात वह अपने मकान में ऊपर के कमरे में सोने चला गया। देर रात उसके कमरे से गोली चलने की आवाज आई।
परिवार वालों ने जाकर देखा तो उसके सिर में गोली लगी थी और वह कमरे में लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था, उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना पुलिस का कहना है कि युवक ने ऐसा कदम किस कारण से उठाया, इसकी जांच चल रही है। परिजनों ने कुछ भी लिखित में नहीं दिया है। मामला घरेलू परेशानी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।