मुजफ्फरनगर। सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि जनपद ने अक्तूबर माह 2021 में यूपी हेल्थ डैश बोर्ड की रैंकिंग में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
सीएमओ ने बताया कि जनपद को यह उपलब्धि डीएम चंद्र भूषण सिंह एवं सीडीओ आलोक यादव द्वारा स्वास्थ्य विभाग के निरंतर अवलोकन एवं मार्गदर्शन के फलस्वरूप हासिल हुई है। डॉ फौजदार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं सतत प्रयासों से जनपद अप्रैल माह से सितंबर माह तक निरंतर यूपी हेल्थ डैशबोर्ड की रैंकिंग में शीर्ष के 10 जनपदों में ऊपर के स्थान पर रहा तथा सभी के सतत प्रयासों के साथ अक्टूबर माह में जनपद ने यूपी हेल्थ डैशबोर्ड में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सीएमओ ने गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच एवं हीमोग्लोबिन की जांच कराने में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है, इसके साथ ही शून्य से एक वर्ष की आयु के शिशुओं का नियमित टीकाकरण भी जनपद में शत प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन राशि के भुगतान में भी जनपद शीर्ष के जनपदों में से एक है। जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक यादव ने स्वास्थ्य विभाग को सराहनीय कार्य के लिए शुभकामनाएं दी।