हरियाणा का रहने वाला आरोपी नसीबदीन ई रिक्शा चलाता था। कोरोना काल में दुकान बंद होने पर वह ठगी के काम में शामिल हुआ था। इस मामले का एक आरोपी पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
ईडी के अधिकारी की पत्नी को ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा होना बताकर 65 लाख ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक आरोपी हरियाणा के जनपद हिसार के हांसी निवासी नसीबदीन को पकड़ा है। एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। साइबर थाना पुलिस को ई रिक्शा चलाने वाले कक्षा 9वीं पास गिरफ्तार आरोपी के खाते में दस करोड़ 82 लाख रुपये का लेनदेन मिला है।
विज्ञापन
एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि साइबर थाना पुलिस प्रभारी सुल्तान सिंह व गौरव चौहान की टीम ने हरियाणा के जनपद हिसार के गांव हांसी निवासी नसीबदीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ईडी के अधिकारी की पत्नी से ट्रेडिंग के नाम पर 65 लाख रुपये ठगी के मामले की जांच पड़ताल कर रही थी।
पुलिस की जांच में सामने आने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि कोरोना काल से पहले वह हांसी में दुकान चलाता था। कोरोना काल में दुकान बंद करनी पड़ी। इसी दौरान जीवन नाम के एक व्यक्ति से उसकी मुलाकात हुई। उसने उससे बैंक खाते की डिटेल मांगी।
उससे कहा कि यदि वह बैंक की पासबुक, चेक बुक, एटीएम उसे दे तो वह उसे डेढ़ लाख रुपये देगा। इसके अलावा भी रुपये दिया करेगा। इसी के चलते उसने सभी दस्तावेज उस व्यक्ति को सौंप दिए। उसे एडवांस में पचास हजार रुपये दिए गए। एक लाख रुपये बाद में देने को कहा गया।
कई माह बाद आरोपी व्यक्ति ने सभी कागजात वापस कर दिए। पैसा बाद में देने को कहा गया। दुकान तो बंद हो गई थी। परिवार का खर्च वहन करने के लिए उसने ई रिक्शा चलानी शुरू कर दी। उसके खाते में ईडी के अधिकारी की पत्नी के खाते से 15 लाख रुपये जमा हुए थे। 65 लाख रुपये चार खातों में जमा हुए थे। गिरफ्तार युवक अपना मोबाइल नंबर बदलता रहता था। एसपी क्राइम ने बताया कि आरोपी का चालान कर दिया गया।
अब से पहले इसे पकड़ा
एसपी क्राइम ने बताया कि इसी गिरोह का एक सदस्य अजहर उल्ला को 26 अक्तूबर को साइबर थाना पुलिस ने पकड़ा था। उसके खाते में ईडी के अधिकारी की पत्नी के 18 लाख रुपये जमा हुए थे। साइबर थाना पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगा रही है।
खाते में दस करोड़ का लेनदेन
साइबर थाना टीम की जांच पड़ताल में आया कि गिरफ्तार आरोपी के खाते से दस करोड़ 82 लाख 62 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ था। यह पैसा ठगने के मामले में उसके खिलाफ ऑनलाइन 17 शिकायत हुई हैं। उसे हरियाणा की सोनीपत पुलिस ने भी ठगी के मामले में जेल भेजा था।
ये है मामला
मोदीनगर निवासी ईडी के अधिकारी की पत्नी को साइबर ठग ने टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा, जिसके एडमिन सुरेंद्र कुमार दुबे थे। उसने महिला को यूएस /आइएनडी ट्रेडिंग स्टॉक में निवेश के बारे में जानकारी देना शुरू किया। ग्रुप के सदस्यों को मोटा मुनाफा होना दर्शाया गया, जिससे प्रभावित होकर पीड़ित महिला ने भी 65 लाख रुपये निवेश कर दिए थे। मुनाफा न मिलने पर ठगी का पता चला था।