घटना की सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान विकास मलिक अन्य ग्रामीणों के साथ मंदिर में पहुंचे। मंदिर के महंत को कमरा खोलकर बंधन मुक्त किया। घायल महंत ने बताया कि बदमाश तीन लाख रुपये की नकदी, माता के सोने के आभूषण और लाखों रुपये का चढ़ावा आदि लूटकर ले गए। घायल अवस्था में महंत को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महंत को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। घटना की सूचना मंदिर के महंत ने फुगाना पुलिस को दी है। फुगाना सीओ देवव्रत वाजपेयी पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर में पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष फुगाना जोगेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: जज्बा: मिलिए कलयुग के श्रवण कुमार से, कांवड़ में दादा-दादी को बिठाकर UK से UP पहुंचे राहुल, देखने पहुंचे लोग
हजारों रुपये का रोज आता है चढ़ावा
मंदिर के महंत मदन गिरि ने बताया कि मंदिर परिसर में ज्येष्ठ के दशहरे से मेले का आयोजन होता है। यह मेला सोमवार और बृहस्पतिवार को आषाढ़ माह तक चलता है। माता के भक्त माता के चरणों में श्रद्धानुसार चढ़ावा चढ़ाते हैं। दानपात्र तथा चढ़ावे में रोजाना हजारों रुपये की नकदी एकत्र होती है। वह सारी नकदी उनकी अलमारी में रखी हुई थी। मंदिर परिसर में धर्मशाला के निर्माण हेतु ग्रामीणों से तीन लाख रुपये एकत्र किए गए थे। वह भी अलमारी में रखे हुए थे। माता का श्रृंगार का सामान और सोने के आभूषण भी उनकी अलमारी में रखे थे। बदमाश माता के सोने के आभूषण तथा सारी नकदी लूटकर ले गए।