समरयाब मंगलवार को 15 अगस्त की रिहर्सल परेड में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मंगलवार सुबह कुछ राहगीरों ने शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि पीनना चरथावल बाईपास मोड़ पर बाइक सवार एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन टक्कर मार कर भाग गया है। बाइक चालक की हालत खराब है। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल की तो मृतक के पास से शामली पुलिस में तैनात सिपाही होने का सुबूत मिला। वह शामली पुलिस लाइन में तैनात था। इसके बाद पुलिस ने मुजफ्फरनगर व शामली जनपद के पुलिस अधिकारियों को सूचना दी।
मृतक सिपाही मूल रूप से सहारनपुर जनपद के देवबंद कस्बे के मोहल्ला गुजर्रवाड़ा का निवासी था। पुलिस ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि घटना के समय सिपाही का हेलमेट भी चकनाचूर हो गया था। उधर, पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया था। सूचना देने पर मृतक का भाई आसिफ व अन्य परिजन मोर्चरी पहुंचे थे। पुलिस ने शाम के समय पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। सीओ सिटी व्योम बिंदल का कहना है कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है।