रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर आदर्श कॉलोनी निवासी सिविल इंजीनियर उदित (30) ने आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसकी जेब से सुसाइड नोट मिला। उसने सुसाइड नोट में अपने रूम पार्टनर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के आदर्श कालोनी निवासी उदित (30) सिविल इंजीनियर था। पिछले दो माह से वह नोएडा में रहकर नौकरी की तलाश में था। वह अकसर शालीमार एक्सप्रेस से आता-जाता था। बृहस्पतिवार को शालीमार ट्रेन से जाने के लिए स्टेशन पर पहुंचा था। तभी ट्रेन के आगे कूद गया। ट्रेन से कटकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जीआरपी थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उसकी जेब से एक सुसाइड नोट और एक मोबाइल मिला। मोबाइल की मदद से परिजनों को सूचना दी, तो वे रोते-बिलखते पहुंच गए। जेब से मिले सुसाइड नोट में उसने अपने रूम पार्टनर पर परेशान करने का आरोप लगाया है। दोनों के बीच लैपटॉप को लेकर विवाद हो गया था। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस को मृतक के मामा चंद्र प्रकाश लाटियान ने बताया कि उदित दिल्ली जाने के लिए घर से चला था। पैर फिसलने से उसकी मौत हुई।