मुजफ्फरनगर के तितावी क्षेत्र के गांव अटाली निवासी अपह्रत शिक्षक योगेश की हत्या एक तरफा प्यार में की गई। पुलिस ने एक आरोपी चरथावल के गांव रसूलपुर निवासी परमजीत को गिरफ्तार किया है। उसका एक साथी फरार है।
बरला इंटर कॉलेज का शिक्षक रविवार से लापता थे। परिजनों ने सोमवार देर रात चरथावल क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी परमजीत व अमित के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने रात में परमजीत को गिरफ्तार उसकी निशानदेही पर रसूलपुर के जंगल के नाले से शिक्षक का शव बरामद किया। दोनों आरोपियों ने अपहरण कर हत्या की थी।
शिक्षक की एक युवती से शादी तय हुई थी। उस युवती से हत्यारोपी अमित एक तरफा प्यार करता था। इसी के चलते उसने अपने साथी परमजीत ने योजना बनाकर शिक्षक की हत्या की। डंडों से पीटकर हत्या की गई थी।
पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त कार व हत्या में प्रयुक्त दो डंडे व एक रस्सी बरामद की हैं। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का चालान कर उसके फरार साथी की तलाश शुरू कर दी हैं।