मुजफ्फरनगर। शहर के ही अनुभव शर्मा का गत दिवस कोरोना से निधन हो गया था। सोमवार को उसका नदी घाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। मुस्लिम युवक ने अपने हिंदू दोस्त के अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
कोरोना की चपेट में बुजुर्गों के साथ युवा भी आ रहे हैं। शहर के 25 वर्षीय अनुभव शर्मा का गत दिवस कोरोना से निधन हो गया। परिजनों के साथ उसके दोस्तों और मौत के बारे में सुनने वालों को धक्का लगा। जवान मौत से हर कोई सदमे में नजर आया। अनुभव का नदी घाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। अनुभव के मित्र शहर निवासी युनूस ने उसके अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। एक तरफ कोरोना के मामलों में परिजन भी अंतिम संस्कार में भाग लेने से डर रहे हैं, वहीं युनूस ने मित्रता का धर्म निभाते हुए अंतिम संस्कार की समस्त प्रक्रिया में भाग लिया। उसकी आंखों से टपकते आंसू उसकी दोस्ती के दर्द को बयां करते रहे। यह दृष्य श्मशान में हर किसी को व्यथित कर गया।