Muzaffarnagar News: हरैंटी के ग्राम प्रधान विवेक राठी के बेटे रोहन का शव गांव के बाहर ही बंबे पर आधा फंसा हुआ मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया है।
दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गए हरैंटी के ग्राम प्रधान विवेक राठी के इकलौते पुत्र एलएलबी के छात्र रोहन (20) की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया गया। घड़ी और चेन मिल गई लेकिन मौके पर बाइक नहीं मिली। एसएसपी संजय वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों ने अंतिम संस्कार से इंकार करते हुए हंगामा किया।
विज्ञापन
पुलिस कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह दम घुटना आया है। कपड़े, हाथ या तकिये से मुंह को दबाकर सांस रोके जाने का अंदेशा जताया है। शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
श्रीराम कॉलेज में एलएलबी के प्रथम सेमेस्टर का छात्र रोहन बुधवार शाम छह बजे भोपा क्षेत्र के नन्हेड़ा गांव में दोस्त के परिवार में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। रात नौ बजे उसके पिता ने कॉल की तो घर सुबह आने की बात कही।
बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे हरैंटी गांव के जंगल के बम्बे में आधा फंसा हुआ शव ग्रामीणों ने देखा। मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्राम प्रशासक विवेक राठी ने पहुंचकर मृतक की पहचान अपने बेटे के रूप में की।
रोहन के चेहरे पर हल्की चोट के निशान मिले। मौके से ही नन्हेड़ा के दोस्त को कॉल की तो उसने बताया कि रोहन रात 11 बजे बाइक लेकर चला गया था, इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। मौके पर रोहन की बाइक भी नहीं मिली।
एसपी सिटी अमृत जैन, सीओ सदर सुनील कुमार और फोरेंसिक टीम ने जांच की। ग्रामीणों ने एसएसपी को बुलाने की मांग रखी। भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने मोबाइल पर एसएसपी संजय वर्मा से बात की। एसएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।
शाम चार बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया। एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और परिजनों को किसी तरह बनाकर शाम छह बजे अंतिम संस्कार कराया। एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस कईं बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।
अखिलेश यादव ने किया ट्वीट, जांच का दिखावा न किया जाए
सपा प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रोहन की हत्या में मामले में एक्स पर ट्वीट किया है। लिखा कि ग्राम प्रधान विवेक राठी के इकलौते बेटे की हत्या लाठी-डंडों से पीटकर बेरहमी से की गई है। इससे पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश में गुस्सा और नाराजगी फैल गई है। इस मामले में टीम बनाकर जांच करने का दिखावा न किया जाए। हत्यारों का पर्दाफाश हो। सपा शोक संत्पत परिवार के संग है।