ससुरालवालों ने युवक को कमरे में बंधक बनाकर पीटा
खतौली (मुजफ्फरनगर)। ससुराल में साले से उधार रुपये मांगने आए युवक को रातभर कमरे में बंधक बनाकर पीटा गया। आरोप है कि सुबह के समय ससुराल वाले युवक को रेलवे ट्रैक पर लेकर पहुंचे। ससुराल वालों ने युवक को ट्रेन से कट जाने के मकसद से रेलवे ट्रैक के बीच खड़ा कर दिया। युवक किसी तरह से अपनी जान बचाकर रेलवे ट्रैक से भाग निकला और सीधे थाने में पहुंचा। भयभीत युवक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मुरादनगर निवासी अब्दुल नामक युवक की ससुराल नगर में है। अब्दुल ने अपने साले को 1.40 लाख रुपये उधार दिए थे। शुक्रवार की शाम को अब्दुल अपनी ससुराल में साले से उधार दिए गए रुपये मांगने आया था। रुपये मांगने पर साले से कहासुनी हो गई। इसके बाद ससुरालवालों ने अब्दुल को कमरे में बंधक बना लिया। आरोप है कि ससुरालवालों ने अब्दुल को कमरे में बंधक बनाकर रातभर उसकी पिटाई की। आरोप है कि ससुरालवाले शनिवार की सुबह अब्दुल को लेकर रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे और उसको ट्रेन से कटने के लिए रेलवे ट्रैक पर खड़ा कर दिया। अब्दुल किसी तरह से अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और सीधे थाने में पहुंचा। पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़ित से ससुरालवालों के विरुद्ध तहरीर लिखकर लाने को कहा, वह तहरीर लिखवाने के लिए थाने से चला गया। इसके बाद पीड़ित तहरीर लेकर थाने में नहीं पहुंचा।