पीड़ित बोला: पालिकाध्यक्ष ने द्वेष भावना के चलते बढ़ाया कर
लोक निर्माण राज्यमंत्री कुंवर बृजेश को दिया पत्र, जांच के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। नगर के शिक्षक नगर निवासी सतीश त्यागी ने लोकनिर्माण राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह को पत्र देकर नगर पालिका परिषद द्वारा मकान का गृहकर व जल कर कई गुना बढ़ाकर भेजने की शिकायत की है। आरोप है कि पालिका अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सतीश त्यागी ने पत्र में बताया कि एक 92 गज का मकान पिछले 20 सालों से बना हुआ है। जिसका गृहकर व जलकर पूर्व में 350 रुपये आता था। लगातार उसे जमा किया जा रहा है। बताया कि वर्ष 2018 से लेकर 2021 तक का बिल भी नगर पालिका में जमा कराया हुआ है। आरोप लगाया कि पालिका ने बिना किसी युक्ति युक्त आधार के मकान का गृहकर व जलकर कई गुना बढ़ाकर भेजा दिया। इस संबंध में 8760 रुपये का एक नोटिस भी भेजा गया। जिस पर आपत्ति लगाई गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब फिर से पालिका ने भुगतान के संबंध में 93068 रुपये का बिल भेज दिया। जिसमें बकाया राशि भी अनावश्यक रुप से दर्शायी गई है। त्यागी ने बताया कि उसके मकान के आसपास सभी मकानों का गृहकर व जलकर पूर्व की भांति आ रहा है। आरोप लगाया कि मुकदमेबाजी के चलते पालिकाध्यक्ष ने द्वेष भावना में कर को कई गुना बढ़ाया है। इसमें राज्यमंत्री ने पालिका ईओ को जांच करने को कहा है।