नगरपालिका ने जनकपुरी से अवैध कब्जा हटवाया
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद ने करोड़ों रुपये की करीब तीन बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पालिका ने जनकपुरी में अवैध कब्जा को हटवाया। पालिका ने 39 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली चहारदीवारी का निर्माण शुरू कर दिया है। इसका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने शिलान्यास किया।
चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने सभासदों के साथ रुड़की चुंगी के पास मोहल्ला जनकपुरी में लगभग तीन बीघा पालिका की भूमि को कब्जा मुक्त कराते हुए चहारदीवारी एवं मिट्टी भराव आदि कार्य का भूमि पूजन के साथ शिलान्यास किया। इस अवसर पर सभासदों व क्षेत्रीय नागरिकों ने चेयरपर्सन के कार्य की सराहना की।
चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने कहा कि हमने जिस भूमि पर शिलान्यास किया है, यह प्रोजेक्ट हमारे ग्रीन क्लीन और यूनिक सिटी बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए बड़ा कदम साबित होगा। कुछ लोग विकास रथ को डोलाना चाहते हैं, यह उनकी भूल है। शहर और जनहित की सोच रखने वाले सभासदों, अधिकारियों और कर्मचारियों की एक विकासशील टीम उनके साथ कड़ी मेहनत और लगन शीलता से कार्य कर रही है। इसके बाद चेयरपर्सन ने सभासदों के साथ जनकपुरी में ही निर्मित कराए गए श्मशान घाट का भी निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद कपिल कुमार अवर अभियंता निर्माण को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। श्मशान घाट के अंदर खड़ी दो कारों को भी हटाने के निर्देश दिए गए और नाराजगी जताई। इस दौरान मुख्य रूप से सभासद ओम सिंह, अरविंद धनगर, सलेक चंद, कैलासो देवी तथा राजकुमार, नरेश खटीक, अशोक ढींगरा, रजत अग्रवाल लिपिक, इंद्र नारायण माथुर, सत्य प्रकाश त्यागी, मनीष कुमार ठेकेदार, स्टेनो अध्यक्ष गोपाल त्यागी, एसके बिट्टू आदि मौजूद रहे।