एसटीएफ ने पीओपी लदा चोरी का ट्रक पकड़ा
मीरापुर/रामराज (मुजफ्फरनगर)। एसटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगा चोरी का ट्रक बरामद किया है, जिसमें पीओपी के बैग लदे हुए थे। ट्रक के साथ ही कार सवार चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
एसटीएफ मेरठ की टीम के साथ रामराज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के तहत टिकौला शुगर मिल के पास पीओपी के बैग से लदा 12 टायरा ट्रक पकड़ा। टीम ने ट्रक के साथ चल रही एक कार को भी पकड़ते हुए दोनों वाहनों में सवार कैराना थाना क्षेत्र के गांव नंगला राई निवासी इरफान, गांव हरसौली निवासी शाहिद, कैराना क्षेत्र के गांव पंजीठ निवासी हारुन व परवेज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से बरामद 12 टायरा ट्रक जांच में चोरी का पाया गया, जिसे फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाया जा रहा था। ट्रक के कागजात भी फर्जी पाए गए। आरोपियों के मोबाइल भी पुलिस टीम ने जब्त कर लिए। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी नशा कारोबार से जुड़े हो सकते हैं, जो पीओपी का इस्तेमाल नशीली वस्तुओं को छिपाने के लिए करते हैं। पुलिस द्वारा इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।