मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर को नगर निगम बनाए जाने का प्रस्ताव मांगे जाने से नई चर्चा शुरू हो गई है। नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष शहरी विकास के लिए मुख्यमंत्री के इस कदम की सराहना कर रहे हैं। लेकिन आशंका जता रहे हैं कि यदि निगम की कमान किसी दक्ष व्यक्ति के हाथों में नहीं पहुंच पाई तो शहर को स्मार्ट सिटी बनाए जाने का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाएगा।
नगर पालिका परिषद को नगर निगम का दर्जा दिलाए जाने की कवायद वर्षो से चल रही है। सोमवार को नुमाइश मैदान में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर पालिका को नगर निगम बनाने की मंशा जाहिर की। इसके लिए उन्होंने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल को प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए।
नगर निगम बनने के लिए प्रमुख मानदंड : नगर निगम बनाए जाने के लिए शहर की आबादी सामान्यत: पांच लाख से अधिक होनी चाहिए।
नगर पालिका परिषद का वार्षिक राजस्व इतना होना चाहिए कि वह स्व-वित्तपोषित हो सके।
आसपास ग्रामीण क्षेत्र या पंचायतों को मिलाकर एक बड़े शहरी क्षेत्र का गठन किया जाना हो। निगम के पास बेहतर सफाई, सड़क और बुनियादी ढांचा प्रबंधन की क्षमता होनी चाहिए।