मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नुमाइश मैदान के मंच से मुजफ्फरनगर के गुड़ और गन्ने की मिठास घोली। जनसभा के बाद भाजपा की अंदरुनी कलह और अधिक बढ़ती दिख रही है। वीवीआईपी पास को लेकर सभासदों में नाराजगी दिखी।
होर्डिंग पर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के फोटो को लेकर भी अलग-अलग पोस्ट नजर आई। असल में इस पूरे प्रकरण को भाजपा नेताओं के बीच वजूद की लड़ाई से जोड़कर देखा जा रहा है।
रोजगार मेले और जनसभा के संयोजक कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल थे। जनसभा के बाद अब सियासी गलियों में मंच से लेकर पास और नेताओं के हाव-भाव को लेकर भी अपने-अपने तरीके से आंकलन किया जा रहा है।
रालोद के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर को मंच से संबोधन का अवसर नहीं मिलने को अपने-अपने तरीके से देखा जा रहा है। पिछले करीब डेढ़ साल से भाजपा नेताओं के बीच खींचतान का माहौल बन रहा है। जनसभा के पास को लेकर मंगलवार को नाराजगी सामने आई।
सभासदों को नहीं मिले पास... मंत्री से नाराजगी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में वीवीआईपी पास को लेकर मारामारी रही। सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, योगेश मित्तल, रविकांत शर्मा, प्रशांत बालियान ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से मुलाकात की।
उनका कहना था कि हेलीपैड पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया गया था लेकिन पास ही नहीं मिले। सभासदों ने नाराजगी जताई। राज्यमंत्री ने कहा कि वह कुछ नहीं कहना चाहते। जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी का कहना है कि सबके पास बनवाए गए थे।