सांसद, विधायक अपने वेतन भत्ते बढ़ाने बंद करें
छपार। नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर भाकियू का धरना 41वें दिन भी जारी रहा। पुरकाजी ब्लाक अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा कि चार साल से गन्ने का रेट नहीं बढ़ा है। विधायक व सांसद अपने वेतन भत्ते बढ़ाने बंद करें, जिससे देश को वित्तीय संकट से उभारा जा सके।
सोमवार को धरने पर मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मांगेराम त्यागी ने कहा कि जब किसान के गन्ने का रेट चार साल से नहीं बढ़ा है तो जनसेवक विधायक व सांसद अपने वेतन, भत्ते क्यों बढ़ा लेते हैं। जब देश कोरोना काल में आर्थिक संकट से गुजर रहा हो तब उन महानुभावों के मोबाइल रिचार्ज से लेकर घर की सुविधाएं तक सरकारी खजाने से वहन किया जाता है, जब उनके वेतन भत्तों पर कोई फर्क नहीं पड़ा तो गन्ने के दाम चार साल से क्यों नहीं बढे़ हैं। ये लोग खुद को जनसेवक मानते तो अपने वेतन भत्ते लेना बंद करें जिससे देश को आर्थिक संकट से उबारा जा सके और देश के गरीब किसान मजदूर को इसका खामियाजा न भुगतना पड़े। सरदार बूटा सिंह, जशवेंदर सिंह, शमशेर, मुकीम, सलमान, कय्यूम अंसारी, बबलू त्यागी, राशिद, ललित त्यागी, रजत व तोसीन मौजूद रहे।
रोहान में मुजफरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे टोल प्लाजा पर ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर कुशलवीर सिंह के नेतृत्व में भाकियू का धरना सोमवार को भी जारी रहा। ब्लाक अध्यक्ष ने कहा कि रोहाना गन्ना समिति किसानों के गन्ने का सर्वे ठीक कर ले, पिछले सीजन में किसानों को पौधा व पेड़ी को लेकर किसान लगातार समितियों के चक्कर काटते रहे, ये सब समस्याएं गन्ना सर्वेक्षक की वजह से हुईं। इस बार किसान की गन्ना सर्वे से जुड़ी कोई भी समस्या सामने आई तो भाकियू समिति पर आंदोलन करेगी। आदेश बाबा, नवीन त्यागी, मोहित त्यागी, हसरत प्रधान, आस मोहम्मद, अनिल त्यागी, बॉबी त्यागी, आशीष त्यागी, अमित त्यागी, सोनू त्यागी, अरुण शर्मा मौजूद रहे।