संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना। तीर्थनगरी शुकतीर्थ गंगा घाट पर पहुंचे बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने गंगा में साफ सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया। एडीएम वित्त, एसडीएम जानसठ, तहसीलदार आदि ने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से गंगा घाट पर गंदगी हटाई।
सांसद चंदन चौहान ने कहा कि मां गंगा जीवनदायिनी है, इसे साफ रखने से हमारे जीवन में स्वच्छता स्वत: ही आ जाएगी। गंगा की तलहटी और सतही जल में कई प्रकार की वस्तुएं आने से गंगाजल प्रदूषित होता है। गंगा घाट की सफाई जरूरी है ताकि गंगा घाट स्वच्छ रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सरकार का भी यही प्रयास है। प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को खत्म करने की ठान ले, तो विश्व में भारत देश की भव्यता और अधिक बढ़ेगी। एडीएम वित्त गजेन्द्र सिंह, एसडीएम जानसठ सुबोध कुमार, तहसीलदार सतीशचंद बघेल, नायब तहसीलदार ब्रजेश सिंह आदि ने प्रधान राजपाल सैनी के साथ मिलकर गंगा किनारे और घाट की सीढ़ियों पर बिखरे कूड़े-कचरे को कूड़ेदान तक पहुंचाया।स्वच्छता अभियान में प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी संस्थाओं, जन प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर पं. विनोद शर्मा, गंगा सेवा समिति के प्रबंधक देवेन्द्र आर्य, अजय कृष्ण, नीरज, रायल आलोक आदि उपस्थित रहे।