देवबंद। फर्जी तरीके से आयुष्मान कार्ड बनाने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को चंदेना कोली गांव में फर्जी तरीके से चार-चार सौ रुपये लेकर आयुष्मान कार्ड बना रहे तीन आरोपियों को नागल सीएचसी के प्रभारी डॉ. विकासपाल ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने डॉ. विकासपाल की तहरीर पर चंदेना कोली गांव निवासी रोचिन चौधरी सहित थाना आईएसबीटी देहरादून उत्तराखंड निवासी अविनाश चौहान व धीरज पांडेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। वहीं, इंस्पेक्टर का कहना है कि जांच में पता चला है कि देहरानदून निवासी युवकों का सर्टिफिकेट वैलिड है। लेकिन वे किसी दूसरे राज्य में जाकर आयुष्मान कार्ड नहीं बना सकते। उधर, सूत्र बताते हैं कि उक्त लोग कई और गांवों में भी लोगों से पैसे लेकर फर्जी कार्ड बना चुके हैं।
नाली विवाद को लेकर मारपीट, दंपती घायल
देवबंद। मदीना कालोनी में नाली विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
मदीना कालोनी निवासी शमीम व मोहतसिम के बीच कई दिनों से नाली को लेकर विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार को दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। देखते ही देखते उनके बीच लाठी डंडे चलने लगे। जिसमें शमीम का बेटा शहजाद और पुत्रवधू जरीन घायल हो गए। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।