रैली को संबोधित करते केसी त्यागी।
- फोटो : अमर उजाला
जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि किसान अपनी ताकत पहचानें। याद करो कि दिल्ली की गद्दी का फैसला आप करते थे। आज हालात यह हैं कि चौधरी अजित सिंह के लोकसभा हारते ही चौधरी चरण सिंह की यादों से जुड़े 12 तुगलक रोड को खाली कराया गया और आप लोग चुप बैठे रहे। किसान राजनीति जिंदा चाहते हो तो एमएलए जिता कर भेजो, हम जयंत के राजतिलक के लिए तैयार हैं।
किसान अधिकार रैली में केसी त्यागी ने किसानों को चौधरी चरण सिंह के समय की यादें ताजा कराईं। उन्होंने कहा कि किसान एकता के जो तार टूट गए थे, वह एक बार फिर जुड़ते दिखाई दे रहे हैं। हम भी टूट गए थे और निराश थे। लंबे समय बाद सभी जाति और धर्म के किसान एकजुट हुए हैं, जब बीकेडी बनी तो इस जिले की सभी नौ सीटें जीती थीं।
आप अपना इतिहास याद करें और चौधरी साहब की विरासत जयंत को आगे बढ़ाएं। अब समय आ गया है सूखे हैंडपंप से पानी निकाल दो। उन्होंने कहा कि 23 दिसंबर की छुट्टी होनी चाहिए। चौधरी साहब की धरोहर को खाली करा लिया गया और आप खामोश रहे। आपकी नई पीढ़ी को क्या हो गया। जयंत की राजनीतिक कुशलता आपके हाथों में है। आप एमएलए जिताओ हम राजतिलक के लिए तैयार बैठे हैं।