लोकसभा चुनाव 2024 में रालोद अलग हुआ लेकिन जाट बेल्ट की मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट सपा ने जीतकर दबदबा दिखाया। साइकिल पर सवार हुए हरेंद्र मलिक की संसद में बहुप्रतीक्षित एंट्री के साथ संगठन में भी उनका कद बढ़ाया गया।
इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठकों में पूर्व सीएम ने उन्हें अपना प्रतिनिधि बनाकर जाट समाज को संदेश देने का प्रयास किया है। अब 2027 के चुनाव के लिए नए सिरे से तैयारी चल रही है।
ऐसे में सपा मुखिया ने जाटों के प्रभाव वाली नकुड़, रामपुर मनिहारन, शामली, थानाभवन, बुढ़ाना, चरथावल, मीरापुर, सरधना, सिवालखास, मेरठ कैंट, मोदीनगर, लोनी, छपरौली, बड़ौत, मुरादनगर, शिकारपुर, अनूपशहर, स्याना, खैर, इगलास, शादाबाद, फतेहपुर सीकरी, मांट, बलदेव, छाता, गोवर्धन, बिजनौर सदर, चांदपुर, कांठ, नौगांवा, हापुड़, गढ़ समेत अन्य सीटों के लिए सियासी फार्मूला बनाना शुरू कर दिया है। लखनऊ में बुलाए गए सम्मेलन में जाटों के साथ संवाद कर समन्वय का प्रयास हुआ।
चालीस साल की उम्र तक के युवाओं से पूर्व सीएम ने अलग से बात की और भविष्य की रणनीति में शामिल करने के लिए एक कदम बढ़ाया है। दावेदारों ने टिकट भी मांगा, जिसका फैसला भविष्य में होगा।
किसानों की राजधानी सिसौली से लखनऊ गए रोहित बालियान, अभिषेक बालियान और राहुल कहते हैं कि पूर्व सीएम का विजन स्पष्ट है। संवाद बेहद सकारात्मक रहा है।
पश्चिम में भाजपा नहीं रालोद के खिलाफ मोर्चा
समाजवादी पार्टी ने अभी तक पश्चिम के लिए जो रणनीति दिखाई है, उसमें निशाने पर रालोद रहा। पूर्व सीएम अखिलेश यादव और केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत सिंह के बीच सियासी बयानबाजी से माहौल खूब गरमाया। साफ होने लगा कि सपा पहले चरण में अपनी हर चाल भाजपा के बजाए रालोद की रणनीति के हिसाब से रखने की तैयारी में है।
इन मामलों में की एक्स पर पोस्ट
शामली के मॉडल अंकित बालियान के अलावा पुरकाजी के हरैंटी के रोहन राठी की हत्या के मामले में भी पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट की थी। पश्चिम के सामाजिक ताने-बाने को लेकर भी कई पोस्ट की गई है।
चर्चा के केंद्र में आई इनसे हुई मुलाकात
बुढ़ाना विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार अभिषेक बालियान, गोयला के वीरेंद्र प्रधान, बागपत के माखर गांव के रजत सोलंकी, मेरठ के सम्राट मलिक, गौरव चौधरी, हापुड़ के नितिन बाना समेत अन्य युवाओं से की मुलाकात भविष्य की राजनीति का हिस्सा है।