कोतवाली में माता-पिता के साथ बरामद हुई बच्ची लायबा
- फोटो : DEVBAND
देवबंद। नगर के मोहल्ला छिंपीवाड़ा में मामा के यहां आई ढाई साल की बच्ची को पुलिस ने माता पिता से मिलवा दिया। दो दिन पूर्व लापता हुई बेटी को पाकर मां की आंखें छलक गईं। दंपती ने इसके लिए पुलिस को धन्यवाद दिया है।
मोहल्ला छिंपीवाड़ा निवासी नौशाद ने बताया कि मुजफ्फरनगर के पलड़ी में उसकी बहन की शादी हुई है। उसकी बहन सितारा अपने पति और ढाई वर्षीय बेटी लायबा के साथ घर आई हुई थी। सोमवार की शाम लायबा घर के बाहर से लापता हो गई। जिसके चलते परिजनों में अफरा तफरी मच गई। परिवार के सभी लोग लायबा की तलाश में लग गए। इस बीच बच्ची भटक कर नगर के एमबीडी चौक पर पहुंच गई। जहां ड्यूटी पर तैनात सिपाही बच्ची को कोतवाली ले गए। पुलिस ने सोशल मीडिया पर बच्ची की फोटो डाली, जो देखते ही देखते कई ग्रुपों पर वायरल हो गई। यह मेसेज बच्ची के परिजनों तक भी पहुंच गया। मंगलवार को परिजन कोतवाली पहुंचे और बच्ची को सकुशल पाकर खुश हो गए। उन्होंने पुलिस को धन्यवाद दिया है।