लापता किसान का शव जंगल में मिला
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव रुकनपुर से कई दिन पूर्व लापता किसान ऋषिपाल का क्षत-विक्षत शव गांव खेड़ी रांगडांग के जंगल में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने पहुंचकर हंगामा-प्रदर्शन किया, जिन्हें जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया गया।
खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव रुकनपुर निवासी किसान ऋषिपाल (55) कई दिन पूर्व संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे। बेटे सुमित ने हरसंभव तलाश के बावजूद पिता का सुराग न लगने पर 15 अगस्त को थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह गांव खेड़ी रांगडांग निवासी किसान धन्नी के खेत में लापता ऋषिपाल का क्षत-विक्षत शव मिला, जिसकी शनाख्त होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। उधर, दोपहर में किसान के परिजन कोतवाली पहुंचे और उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा-प्रदर्शन किया। बेटे सुमित ने बताया कि गुमशुदगी के बाद जब उन्होंने पिता के मोबाइल पर कॉल की, तो वह गांव के ही तीन लोगों ने रिसीव करते हुए पिता के उनके पास होने की जानकारी दी थी। अब शव मिलने के बाद उक्त तीनों लोग फरार हो गए हैं। परिजनों ने इन्हीं तीनों पर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की, जिन्हें जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया गया। इस दौरान सुंदर, राहुल, गुड्डू, राकेश, राजपाल, महिपाल, राजन, सोनू, गुल्लू और ओमपाल आदि मौजूद रहे। शाम के समय पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
इन्होंने कहा .......
सीओ राकेश सिंह का कहना है कि अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। जिन लोगों पर शक जताया जा रहा है, वे फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।