बदमाशों ने चालक से ई-रिक्शा को लूटा
जानसठ। चालक को नशीला पदार्थ सुंघा कर बदमाशों ने उसकी रिक्शा, मोबाइल व नकदी लूट ली। बदमाश चालक को बेहोशी की हालत में जंगल में सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए।
गांव सादपुर निवासी 65 वर्षीय मुस्तकीम पुत्र अब्दुल ई रिक्शा चलाता है। शनिवार की सुबह वह रिक्शा लेकर जानसठ मजदूरी करने के लिए आया था। उसी दौरान दोपहर को कुछ लोग उसकी रिक्शा बुक करके ले गए और उसे नशीला पदार्थ सुंघा कर बेहोशी की हालत में पिमोड़ा की रजबहे पुलिया के पास चकरोड पर डालकर रिक्शा, मोबाइल और नकदी लूट कर बदमाश फरार हो गए। परिजन शनिवार की देर रात तक मुस्तकीम को तलाश करते फिरते रहे। रविवार की सुबह पिमोड़ा की रजबहे की पुलिया के पास आने जाने वाले लोगों ने पुलिस को किसी व्यक्ति के पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बेहोश व्यक्ति को उठाकर सीएचसी में भर्ती कराया। चालक की जेब में निकली डायरी के आधार पर पुलिस ने फोन कर उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल में पहुंचे। परिजनों ने चालक की पहचान की। परिजनों ने बताया कि उसका नाम मुस्तकीम है, वह शनिवार से रिक्शा सहित गायब था। चिकित्सकों ने चालक को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।