तमंचे से आतंकित करके नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफ को लूटा
रतनपुरी/खतौली। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे से आतंकित करते हुए सर्राफ से करीब ढाई तोले सोना एवं करीब तीन किलो चांदी के जेवरात सहित 20 हजार रुपयों की नगदी से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने सुनार को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ऩे के लिए जंगलों में घंटों कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल सका है।
पुलिस के मुताबिक मेरठ के सरधना क्षेत्र के गांव कालंद निवासी मनोज वर्मा पुत्र रामकुमार वर्मा पिछले करीब दस साल से रतनपुरी क्षेत्र के गांव टोड़ा निवासी मुनसैफ पुत्र इलियास के मकान में सर्राफ की दुकान करता है। वह बाइक से अपने गांव कालंद से ही सामान लेकर यहां पर आता है। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे जब मनोज वर्मा दुकान बंद करके बाइक से घर जा रहा था तभी
टोड़ा गांव के बाहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक का पीछा किया और भनवाड़ा भटठे के पास सर्राफ को रोक लिया। बदमाशों ने सर्राफ से पिठलोकर जाने वाला रास्ते के बारे में पूछा। रास्ता बताने के बाद जब मनोज आगे चला, तो अचानक उन तीनों बदमाशों ने तमंचे निकाल लिए और मनोज वर्मा को आतंकित करते हुए बाइक से नीचे गिरा दिया। बाइक पर बंधे आभूषण से भरे बैग को लूटकर टोड़ा की ओर ही फरार हो गए। मनोज वर्मा ने बताया कि थैले में करीब बीस हजार की नगदी एवं करीब ढाई तोले सोने एवं तीन किलो चांदी के जेवर थे। जिसे बदमाश बाइक से तोडकऱ लूट ले गए। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर बदमाशों ने सर्राफ को घायल कर दिया। इसी बीच भनवाड़ा ग्राम प्रधान का बेटा आमिर वहां से गुजर रहा था, तो बदमाश तमंचे से सर्राफ को आतंकित करते हुए टोड़ा की ओर भाग निकले। ग्राम प्रधान युनुस ने घटना की सूचना रतनपुरी पुलिस को दी। सूचना पर रतनपुरी इंस्पेक्टर एमपी सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बदमाशों की तलाश में आसपास के जंगलों में कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। उधर, मनोज वर्मा ने बताया कि तीनों बदमाश बीस से पच्चीस वर्ष की आयु के थे और तीनों ने पहले मुंह लपेटा हुआ था, लेकिन लूटपाट के दौरान मारपीट करते समय एक का चेहरा खुल गया। जिसे वह सामने आने पर पहचान सकता है। अभी तक घटना की तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में कांबिंग जारी है।