शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। बिजनौर जनपद के मंडावर थाना क्षेत्र निवासी सैनिक से चार बदमाशों ने मंसूरपुर रोड पर गांव चांदपुर के पास कार लूट ली और धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजनौर जनपद के मंडावर थाना क्षेत्र के गांव भोगपुर पट्टी हरसुख निवासी राहुल चौहान सेना में जवान है। बृहस्पतिवार शाम वह क्षेत्र के गांव कुटबा निवासी रिश्तेदारी में आई-20 कार से आ रहा था। उसने थाने में तहरीर देकर बताया कि देर शाम जब वह शाहपुर क्षेत्र में मंसूरपुर रोड स्थित गांव चांदपुर स्थित भट्ठे के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद चार लोगों ने अपनी वैगर-आर सड़क के बीच लगाई हुई थी। जैसे ही राहुल चौहान ने अपनी कार रोकी, बदमाश उसके पास पहुंच गए और उस पर तमंचे तानकर गोली मारने की धमकी देकर उसे कार से नीचे उतार लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने राहुल चौहान के साथ मारपीट की और गोली मारने की धमकी देते हुए उसकी कार और अपनी वैगन-आर समेत वहां से फरार हो गए। जवान ने बताया कि कार में ही उसका सर्विस कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और कैंटीन कार्ड के साथ ही नकदी भी मौजूद थे, जिन्हें लुटेरे अपने साथ ही ले गए। कार लूट की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर संजीव कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लुटेरों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।