जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने जिला चिकित्सालय का शुक्रवार को निरीक्षण किया। अस्पताल की व्यवस्थाएं जांचने के साथ मरीजों से बातचीत की। इस दौरान कई तिमारदारों ने चिकित्सकों के कारनामों की पोल खोली। निरीक्षण में मंत्री को मेडिकल स्टोर की दवाइयां मरीजों के पास मिलीं। चिकित्सकों पर आपरेशन के नाम पर भी अवैध वसूली करने के आरोप लगाए। इस पर मंत्री भड़क गए और चिकित्सकों को चेतावनी दी।
जिला प्रभारी मंत्री ने स्वामी कल्याणदेव जिला चिकित्सालय पहुंचे। दोपहर करीब तीन बजे पहुंचे मंत्री ने पहले इमरजेंसी का निरीक्षण किया। चिकित्सकों से व्यवस्थाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद इमरजेंसी के एक-एक वार्ड जाकर मरीजों का हाल जाना। महिला वार्ड में भर्ती मरीज इमलो पत्नी ओमप्रकाश से पूछताछ की। इमलो ने मंत्री को बताया कि उसका हाथ टूट गया है। डॉ. ऑपरेशन के नाम पर पैसों की मांग कर रहे हैं। मंत्री ने चिकित्सकों से इस बारे में पूछा तो सन्नाटा छा गया। इसके बाद मंत्री दूसरे वार्ड में पहुंचे। यहां भर्ती मरीज शफीक, इस्लाम से बीमारी और उपचार का जायजा लिया।
मरीजों को मिलने वाली दवाइयों की जानकारी ली। तिमारदार शकीला खातून ने बताया कि चिकित्सकों ने एक पर्चे पर दवाइयां लिखी थीं, जिन्हें बाहर सुपर मेडिकल से लाई है, इस पर मंत्री भड़क गए। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा से पूछा कि यह क्या हो रहा है। जांच की गई तो पर्चे में लिखी सभी दवाइयां अस्पताल में मौजूद हैं, लेकिन मरीजों के लिए बाहर से दवाइयां मंगवाई जा रही हैं। मंत्री ने चिकित्सकों को कार्रवाई की चेतावनी दी। बाद में उन्होंने महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। यहां भी वृद्धा सावित्री ने कहा कि उसकी पुत्रवधू बबली को आपरेशन से बच्चा हुआ है।
चिकित्सकों ने अभी तक चार बोतल खून मंगवा लिया है, दो बोतल और मांग रहे हैं। उसके पास पैसा नहीं है। प्रभारी मंत्री ने वार्ड का निरीक्षण किया और मरीजों से भी पूछताछ की। प्रभारी मंत्री ने चिकित्सकों की इस हरकत पर सीएमओ डॉ. पीएस मिश्रा, सीएमएस पंकज अग्रवाल को कड़ी चेतावनी दी। इस दौरान डीएम जीएस प्रियदर्शी भी मौजूद रहे।
समस्या बताते समय फफक पड़ी शिक्षिका
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मिमलाना रोड के एमबी पब्लिक स्कूल की शिक्षिका तमाम महिलाओं के साथ पहुंची और प्रभारी मंत्री से शिकायत करते हुए फफक पड़ी। शिक्षिका का आरोप है कि कुछ लोग उसे तंग करते हैं। विद्यालय में बच्चों के लिए समरसेबिल लगवाया गया है। इसको लेकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। डीएम समेत जिले में अनेक अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है, मगर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। मंत्री ने शिक्षिका को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
किसान समस्याओं पर भाकियू ने मंत्री को घेरा
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन ने भैसाना चीनी मिल के किसानों के गन्ना भुगतान नहीं होने की समस्या को लेकर प्रदेश के प्रभारी मंत्री के सामने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी मंत्री को दिया गया।
सिंचाई विभाग के डाक बंगले पहुंचे प्रदेश के औद्योगिक विकास एवं जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना के सामने भाकियू कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत के नेतृत्व में किसानों ने दस सूत्रीय मांगपत्र भी मंत्री को सौंपा। मांगपत्र में भैसाना चीनी मिल पर बकाया किसानों के 176 करोड़ रुपये के भुगतान की मांग रखी गई।
सभी किसानों को कर्जमाफी के दायरे में लाने, बिजली दरों की वृद्धि को कम करने की मांग भी उठाई। नलकूप कनेक्शन में लाइन की लंबाई 300 की जगह 190 मीटर करने का विरोध किया गया। जिले के डार्क जोन के ब्लाकों में नलकूप कनेक्शन देने की मांग रखी गई। कुल दस मांगें रखी गईं। भाकियू के प्रदर्शन की सूचना पर एसएसपी अनंत देव, एसपी सिटी ओमवीर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल डाक बंगले पहुंच गया।
मंत्री ने भाकियू नेताओं को समस्याओं का निराकरण कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान कपिल सोम, नीरज पहलवान, प्रवेंद्र ढाका, भूपेंद्र राठी, संजीव, योगेश शर्मा, विकास शर्मा, बिट्टू प्रधान, सतीश, आकाश मलिक, योगेंद्र राठी, नीटू, सतेंद्र प्रधान, हनी बालियान, ओमकार, सतीश भारद्वाज आदि मौजूद रहे।