मोरना। चीनी मिल मोरना में गन्ना तोल फर्जीवाडे़ प्रकरण के तुल पकड़ने के बाद मिल प्रबंधन ने आरोपी, एक मिल कर्मचारी को निलंबित करते हुए अन्य पांच ठेका कर्मियों को हटा दिया।
सीसीओ अंकित चौधरी ने बताया कि चार दिसंबर की रात दो बजे से सुबह छह बजे की गन्ना तौल शिफ्ट में बुग्गी तौल कांटे पर तैनात चौकीदार गांव दरियाबाद निवासी यशपाल ने अपने कोड नंबर 37423 गन्ना सट्टा पर्ची संख्या 102651279308 पर फर्जीवाड़ा कर बिना गन्ना लाए पर्ची बनवाने की कोशिश की।
चौकीदार यशपाल ने टोकन रूम में तैनात मिल कर्मचारी ओमबीर सिंह को गुमराह करते हुए यार्ड सुपरवाइजर का नाम लेते हुए चोरावाला की बंद शिफ्ट में अपनी पर्ची पर टोकन जारी करा दूसरे किसान की बुग्गी को कांटे पर खड़ा कर 44.35 किलो की पर्ची बनवा ली।
इसके बाद खाली बुग्गी तौल कांटे पर तैनात प्राइवेट तौल लिपिक आशीष ने पर्ची बनाने से मना कर दिया। तौल कांटे पर तैनात अंकित चौकीदार ने फर्जीवाड़ा होने की जानकारी यार्ड सुपर वाइजर रामपाल को जानकारी दी। मिल कर्मियों की मिली भगत से फर्जीवाडे़ की जानकारी आने पर मिल प्रबंधन ने सीसीओ अंकित चौधरी को जांच सौंपी।
मिल प्रबंधक कमल रस्तौगी ने बताया कि मिल कर्मचारी ओमबीर सिंह को निलंबित करते हुए ठेका कर्मी, मिल यार्ड सुपर वाइजर रामपाल, सीट राइटर लेखक नकुल ककराला, आशीष, अंकित निवासी करहेड़ा, चौकीदार यशपाल को भी हटा दिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने पर इनके खिलाफ भोपा थाने पर नामजद तहरीर देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।