मुजफ्फरनगर। परिषदीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं के भोजन बनाने वाली रसोइया (भोजन माता) को अब अपनी पाक कला दिखाने के लिए मंच मिलेगा। रविवार को जिला स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता में 30 रसोइया शामिल होंगी। भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और साफ-सफाई के आधार पर उन्हें स्थान दिया जाएगा। प्रथम तीन स्थान पर आने वाली रसोइया को नकद पुरस्कार भी मिलेगा।
जनपद में संचालित 598 प्राथमिक तथा 381 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में एक लाख 43 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इन बच्चों के लिए मिड डे मील बनाने के लिए प्रत्येक स्कूल में रसोइया की तैनाती है। इन रसोइया की पाक कला को परखने के लिए जिला स्तर पर पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को जिला मुख्यालय पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में किया जाएगा। प्रतियोगिता में 30 भोजन माताएं भाग लेंगी। वे मिड डे मील के मेन्यू से मिलते-जुलते व्यंजन बनाएंगी। व्यंजन बनाने के लिए सामग्री विभाग की ओर से ही दी जाएगी। निर्णायक मंडल में आठ अधिकारी रहेंगे जो भोजन की पौष्टिकता, स्वाद, साफ-सफाई आदि के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान का निर्धारण करेंगे। बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी का कहना है कि प्रतियोगिता में विजेता भोजन माताओं को नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।