डीएम आवास के बगल में निर्माणाधीन मीटिंग हॉल। संवाद।
- फोटो : कीर्तन करता रागी जत्था।
मुजफ्फरनगर। अधीनस्थ अधिकारियों संग बैठक के लिए डीएम के निर्देश पर मीटिंग हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। एमडीए की ओर से 60 लाख रुपये के बजट में हॉल का निर्माण लगभग पूर्ण होने वाला है। कैंप ऑफिस के बगल में होने के कारण डीएम को बैठक करने में सुविधा रहेगी।
क्षतिग्रस्त होने के कारण कलक्ट्रेट स्थित लोकवाणी भवन को करीब दो वर्ष पूर्व निष्प्रयोज्य घोषित किया गया था, जिसके मद्देनजर आम जनमानस की सुनवाई, जनप्रतिनिधियों के साथ मीटिंग और विकास कार्यो की निगरानी के लिए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसे ध्यान में रख मीटिंग हाल निर्माण का खाका खींचा गया। कलक्ट्रेट परिसर स्थित राजस्व विभाग की भूमि पर लोकवाणी सभाकक्ष के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से 1.20 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया गया।
इस बीच डीएम उमेश मिश्रा की जनपद में तैनाती के बाद योजना में परिवर्तन किया गया। उन्होंने कलक्ट्रेट स्थित लोकवाणी भवन की स्थिति को देखते हुए ध्वस्तीकरण कराने का इरादा टाल दिया। जिसके बाद नए सभाकक्ष निर्माण के लिए डीएम आवासीय परिसर के बराबर में स्थित भूमि पर सभाकक्ष निर्माण का खाका खींचा गया। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर एमडीए की ओर से सभाकक्ष का निर्माण प्रारंभ करा दिया गया था। मीटिंग हॉल का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। गेट और विंडो आदि का कार्य चल रहा है जबकि पार्किंग और हॉल तक जाने का रास्ता भी तैयार हो चुका है। एमडीए एक्सईएन विनीत अग्रवाल का कहना है कि मीटिंग हॉल का निर्माण पूर्ण होने वाला है। सिविल वर्क पूर्ण होने पर वहां फर्नीचर आदि की व्यवस्था की जाएगी। जिसके बाद भवन को हैंडओवर किया जाएगा।