मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र में दो दिन से लापता 28 वर्षीय युवक रजत का शव रोहटा रोड स्थित पेपला गांव के जंगल में मिला। परिजनों ने दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मेरठ में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के नंगलाताशी गांव निवासी 28 वर्षीय रजत का शव रविवार को रोहटा रोड स्थित पेपला गांव के जंगल में पड़ा मिला। रजत 23 जुलाई की दोपहर दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए घर से निकला था और इसके बाद से लापता था। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
दोस्त का जन्मदिन मनाने निकला था युवक
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि रजत दिल्ली हाईवे स्थित एक विश्वविद्यालय के पास निजी कंपनी में नौकरी करता था। 23 जुलाई को वह कंपनी में साथ काम करने वाले दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए घर से निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन पर संपर्क नहीं हो सका।
परिजनों के अनुसार, रजत जिन दो दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में गया था, उनके पास उसके लापता होने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हो सकती है। शुक्रवार को परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए दोनों युवकों पर आरोप लगाए थे।
विज्ञापन
जंगल में मिला शव
रविवार को रजत का शव पेपला गांव के जंगल में पड़ा मिला। शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने दोनों युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ दौराला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।