मीरापुर उपचुनाव: ग्रामीण बोले-जनता के मुद्दों का समाधान कराने वाला चाहिए विधायक
मीरापुर विधानसभा के गांव भोपा के ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव में हमें अपने मतों का प्रयोग सोच समझकर करना चाहिए। जात-पात से ऊपर उठकर ऐसे विधायक का चयन करें, जो जनता और जनता की समस्याओं का समाधान कर सकें। क्षेत्र में स्वास्थ्य, विकास और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण करा सकें।
हवाई वादे नहीं करने चाहिएं : सुरेंद्र
युवा समाजसेवी सुरेंद्र बालियान कहते हैं कि प्रत्याशी किसी भी पार्टी का हो, ऐसा नही होना चाहिए जो जीत के लिए हवा हवाई वादे करे और विजय प्राप्त कर हवा हवाई हो जाए। क्षेत्र की मोरना चीनी मिल के विस्तारीकरण की बड़ी समस्या है। निस्तारण करा सके।
जातिवाद से ऊपर उठकर करें काम : शर्मा
दुष्यंत शर्मा कहते हैं कि ऐसा विधायक चाहिए, जो जात-पात से ऊपर उठकर क्षेत्र का विकास करे और जनता से सीधा संवाद रखे। भोपा में स्वास्थ्य सेवाएं और बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। इस और ध्यान दे सके।
क्षेत्र में बनाए शिक्षा का माहौल : रजी हैदर
रजी हैदर उर्फ बब्बन का कहना है कि शिक्षा, रोजगार आदि मुद्दों के प्रति गंभीर सोच रखने के साथ ही ऐसे मुद्दों को विधानसभा में उठाने वाला प्रत्याशी होना चाहिए। क्षेत्र में मार्ग से जुड़ी कई समस्याएं हैं,उनका निस्तारण करा सके। कई जगह पर बसों का संचालन बंद हैं, इसे शुरू करा सके।
वादों पर खरा उतरे विधायक : ओमप्रकाश
भोपा निवासी ओमप्रकाश कहते हैं कि प्रत्याशी ऐसा हो, जो लोगों की पीड़ा को समझता हो। विधायक को अपने वादों पर खरा उतरना चाहिए।