चुनाव से संबंधित कार्यक्रम को संबोधित करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
मीरापुर उपचुनाव की तिथि जल्द ही घोषित होने की संभावना के चलते पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। प्रशासन चुनाव की तैयारियों में जुटा है। विभिन्न टीमों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उधर, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी मीरापुर क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है। टिकट के दावेदार भी शीर्ष नेतृत्व के चक्कर काट रहे हैं।
सोमवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार ने जिला पंचायत सभागार के प्रशिक्षण में हिस्सा लिया। फ्लाइंग स्कवायड, स्टेटिक टीम, सहायक व्यय प्रेक्षक, वीडियो निगरानी, लेखा टीम एवं वीडियो अवलोकन टीम एवं एमसीएमसी टीमों के कार्मिकों को एलईडी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। उधर, पुलिस ने मीरापुर क्षेत्र में चेकिंग और चौकसी बढ़ा दी है। यहां होने वाली घटनाओं पर नजर रखी जा रही है। गन्ना समिति के चुनाव पर भी पुलिस की नजर है।
तिथि घोषित होने की दिनभर चलती रही चर्चा
हरियाणा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। माना जा रहा है कि महाराष्ट्र के चुनाव के साथ ही प्रदेश की 10 सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे। सोमवार को तिथि घोषित होने की संभावना थी। लेकिन अभी इंतजार और बढ़ा नजर आ रहा है। दिनभर राजनीतिक दलों के नेताओं की निगाह भी तिथि की घोषणा पर रही।