नवीन मंडी में किरयाना व्यापारी की दुकान पर हुई लूट की घटना की जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नकाबपोश बदमाशों ने नवीन मंडी में किराना व्यापारी का गल्ला लूटा
मुजफ्फरनगर। बेखौफ बदमाशों ने कूकड़ा नवीन मंडी में किराना व्यापारी का गल्ला लूट कर सनसनी फैला दी। दुकान पर बैठे व्यापारी पिता-पुत्र को गोली मारने की धमकी देकर तीन नकाबपोश बदमाश शाम इस वारदात को अंजाम दिया। बदमाश गल्ले से करीब 70 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। वारदात से व्यापारियों में दहशत व्याप्त है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भरतिया कालोनी निवासी प्रवीण बंसल की कूकड़ा नवीन मंडी में गेट नंबर पांच के पास महेंद्र कुमार एंड संस नाम से किराना की थोक की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम करीब सवा सात बजे प्रवीण बंसल अपने बेटे शास्वत बंसल के साथ दुकान पर बैठे थे, तभी रजबहे वाली रोड की ओर से तीन नकाबपोश बदमाश दुकान में घुस आए। तीनों बदमाशों ने मुंह पर रुमाल बांध रखे थे। आते ही बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर दी। बदमाशों ने तमंचे तान कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश वहां रखे गल्ले से नकदी लूट कर गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। चंद मिनटों में ही बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। पीड़ित व्यापारी ने मंडी में की दुकान करने वाले भाजपा नेता अचिंत मित्तल को घटना के बारे में जानकारी दी। भाजपा नेता ने पुलिस को बताया। व्यापारी से लूट की घटना होने की जानकारी पाकर मौके पर व्यापारियों की भीड़ लग गए। सूचना पर नई मंडी इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ नई मंडी हरीश भदौरिया ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जानकारी ली। व्यापारी ने बताया कि बदमाश गल्ले से करीब 70 हजार की नगदी लूट कर ले गए है। सीओ ने बताया कि पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी है। उधर, देर रात तक पुलिस मामला दर्ज करने की कार्रवाई में लगी थी। लूट की घटना से व्यापारियों में दहशत व्याप्त है।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई घटना
मुजफ्फरनगर। किराना व्यापारी से हुई लूट की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। दुकान में दुकानदार ने कैमरे लग रखे थे, शायद इसकी जानकारी बदमाशों को नहीं थी। वो कैमरे में कैद हो गए। पुलिस ने फुटेज ले ली है। पुलिस ने वीडियो फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश में लगी है।