मुजफ्फरनगर। नई मंडी के पटेलनगर में रविवार रात संदिग्ध हालात में झुलसी नवविवाहिता की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका की मां ने मामले में ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पति और सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेलनगर निवासी आकाश का मोहल्ले की ही पायल उर्फ भावना कश्यप से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गत छह अक्तूबर को रामलीला पटेलनगर में दोनों परिवारों की सहमति से उनकी शादी करा दी गई थी। रविवार देर रात पायल ससुराल में संदिग्ध हालात में झुलस गई थी, जिसे जिला अस्पताल से मेरठ रेफर कर दिया गया था। मेरठ के हॉस्पिटल में उपचार के दौरान पायल की मौत हो गई थी। मामले में रविवार देर रात ही पायल की मां ममता ने आरोपी पति आकाश, ससुर अनिल, सास रेखा, बुआ सुमन व फूफा विपिन पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। नई मंडी इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्यारोपी पति आकाश, सास रेखा व ससुर अनिल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्हें पूछताछ के बाद जेल भेजा जा रहा है। वहीं, बुआ सुमन व फूफा विपिन की भी तलाश की जा रही है।