गुस्साए लोगों ने नारेबाजी कर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका
(फोटो समाचार)
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ। पहलगाम के हमले को लेकर जिले में हिंदू और मुस्लिम लोगों के बीच गम और गुस्सा है। रविवार को शिव सेना कार्यकर्ताओं ने इस्लामी आतंकवाद के पुतले की शव यात्रा निकाली। शिव चौक पर पुतला फूंका। जानसठ में दोनों समुदाय के लोगों ने बाजार बंद रखकर सामूहिक विरोध मार्च निकाला। पानीपत-खटीमा हाईवे पर पहुंचकर पाक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।
शहर में शिवसेना के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए इस्लामी आतंकवाद के पुतले और पाक झंडों को आग के हवाले कर दिया। इससे पहले शिवसेना के मंडल प्रमुख शरद कपूर व महानगर प्रमुख देवेंद्र चौहान के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से शिव चौक तक इस्लामी आतंकवाद के पुतले की शव यात्रा निकाली। पार्टी कार्यालय पर अरविंद मलिक, अखिलेश कुमार, अरविंद शर्मा, हेमंत शर्मा सहित दर्जनों युवकों ने शिवसेना व क्रांति सेना की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी अध्यक्ष ललित मोहन शर्मा ने पटका पहनाया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता शिव चौक पर पहुंचे थे। वहां पाकिस्तानी झंडों और आतंकवाद के पुतले को जूते-चप्पलों से पीटने के बाद और उन्हें आग के हवाले कर दिया।
जानसठ में रविवार सुबह कस्बे के मोहल्ला करीमुल्ला पट्टी स्थित हनुमान मंदिर के पास कस्बे के काफी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। बाजार बंद रखा। इसके बाद मंदिर से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला लेकर सामूहिक विरोध मार्च निकलना शुरू किया। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर पहुंचे, जहां पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित खत्री, नगर पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर आबिद हुसैन, पूर्व चेयरमैन यनेश तंवर, एलडीबी बैंक अध्यक्ष बृजेश रस्तोगी, रजनीश सैनी, आशीष शर्मा, सभासद सुशील कुमार, प्रदीप राणा आदि शामिल रहे।