गेंदा फूल के दाम धड़ाम
मुजफ्फरनगर। पिछले दिनों हुई बारिश ने गेंदा फूल की खेती करने वाले किसानों का गणित भी बिगाड़ दिया है। खराब हुई फसल के कारण दाम कम हो गए हैं। पहले बाजार में फूल 20 रुपये से लेकर 45 रुपये प्रति किलो तक बिक रहे थे, लेकिन वर्तमान में कीमत 10 से 20 रुपये प्रति किलो रह गई है। किसानों का कहना है कि बारिश के कारण काफी मात्रा में फसल खराब होने से भाव पर असर पड़ा है।
तितावी गांव के युवा किसान अमन कश्यप का कहना है कि उन्होंने पांच बीघा गेंदा फूल की खेती की थी। पहले बेहतर दाम मिल रहे थे, लेकिन दिवाली से पहले हुई बारिश के कारण फसल में दाग लग गए और जलभराव से फसल खराब हो गई। जिस कारण वर्तमान में फूल के दाम सिर्फ 10 से 20 रुपये प्रति किलो ही मिल रहे हैं। मुजफ्फरनगर, बड़ौत के अलावा दिल्ली की गाजीपुर मंडी में फूलों की सप्लाई की जाती है। दाम गिरने से किसानों को नुकसान हुआ है।
तितावी क्षेत्र में 100 बीघा में फूल
हिंडन नदी के आसपास के क्षेत्र में करीब एक सौ बीघा में गेंदा फूल की खेती हो रही है। किसानों का कहना है कि फूलों की खेती से वह हर साल मुनाफा कमाते हैं। फसल समाप्त होने की तरफ है, लेकिन दाम गिर जाने से नुकसान का खतरा बन गया है।
सिर्फ 90 दिन में उगाते हैं फूल
किसानों ने बताया कि गेंदा फूल की खेती सिर्फ 90 दिन की है। इसके बाद किसान सरसों या गेहूं की फसल उगाने का कार्य करेंगे।
कलकत्ती गेंदे की सबसे ज्यादा मांग
किसानों ने बताया कि देशी गेंदे के अलावा क्षेत्र में कलकत्ती गेंदे की सबसे ज्यादा मांग है। ठेकेदार भी खेतों पर पहुंचकर इन्हीं फूलों की सबसे ज्यादा मांग करते हैं।
शादी के शुभ मुहूर्त से उम्मीद
किसानों का कहना है कि अब शादी का सीजन शुरू होने वाला है। फूलों की डिमांड बढ़ेगी, ऐसे में उन्हें ने भी बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है।