मंसूरपुर डिस्टलरी पर छापा, जांच शुरु
मुजफ्फरनगर/मंसूरपुर। सरशादीलाल डिस्टलरी मंसूरपुर से प्लांट बंद होने के बावजूद रात्रि में प्रदूषित पानी को नेशनल हाईवे के ड्रेनेज और शुगर मिल के नाले में बहाए जाने की शिकायत पर प्रशासन हरकत में आ गया। डीएम के आदेश पर राजस्व टीम ने मंसूरपुर डिस्टलरी पर छापा मारा। प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने भी मौके पर जाकर इसकी पड़ताल की है। एसडीएम खतौली ने जांच शुरू कर दी है। उधर, प्रदूषित पानी से पीड़ित एक युवक ने मंसूरपुर थाने पर डिस्टलरी प्रशासन के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने को तहरीर दी है।
मंसूरपुर डिस्टलरी से दूषित पानी को नाले में बहाए जाने की शिकायत के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने जांच उपरांत प्लांट को 30 जुलाई को सील कर दिया था। शनिवार 15 अगस्त को शिकायतकर्ता विनीत कुमार ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसमें बताया कि रात्रि के समय प्लांट बंद होने के बावजूद डिस्टलरी से प्रदूषित पानी नेशनल हाईवे के ड्रेनेज और नाले में बहाया जा रहा है। आईआरजीएस पर शिकायत दर्ज होने पर तुरंत संज्ञान लिया गया। डीएम ने खतौली एसडीएम इंद्राकांत को जांच के आदेश दिए। रात्रि में ही खतौली एसडीएम के आदेश राजस्व टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। आरोप है कि डिस्टलरी से तुरंत पानी की निकासी बंद कर कर्मचारी चले गए।
उधर, खानूपुर मिल मंसूरपुर निवासी विकास शर्मा ने मंसूरपुर थाने पर डिस्टलरी प्रशासन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है। तहरीर में बताया गया कि उसका मकान डिस्टलरी के सामने है। डिस्टलरी से बहाए जाने वाले प्रदूषित पानी से उसकी किडनी खराब हो चुकी है और वह कैंसर से भी पीड़ित हो गया है। उसने तहरीर में आरोप लगाया कि शनिवार रात्रि में भी डिस्टलरी से प्रदूषित पानी एनएच-58 के ड्रेनेज और शुगर मिल के नाले में बहाया जा रहा है। मैली भी निकाल कर सड़क पर डाल दी है, जिससे यहां रहना दुश्वार हो गया है। पुलिस ने तहरीर रिसीव कर ली है। उसने डीएम, एसएसपी और क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी तहरीर की प्रतिलिपि भेजी है।
- विकास शर्मा ने डिस्टलरी प्रशासन के खिलाफ तहरीर दी है, जिसे रिसीव कर ली है। जांच रिपोर्ट के साथ तहरीर एसडीएम को भेजी जाएगी।
मनोज चाहल
एसओ मंसूरपुर
- प्लांट अभी बंद है। शिकायत मिलने पर जांच की गई तो कुछ नहीं मिला। फिर भी पूरी निगरानी की जा रही है। प्रदूषित पानी बहाने पर कार्रवाई की जाएगी।
-अंकित सिंह
- क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुजफ्फरनगर
- डीएम के आदेश पर राजस्व टीम को रात में ही मौके पर भेजा था। वो उसकी रिपोर्ट देंगे। इस संबंध में जांच की जा रही है। जल्द जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
- इंद्राकांत द्विवेदी
एसडीएम खतौली