मेरठ रोड पर लगे मंगल बाजार में उमडी भीड।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। शहर के माहौल और धारा 144 का हवाला देते हुए प्रशासन ने साप्ताहिक मंगल बाजार पर रोक लगा दी थी लेकिन पुलिस ने सड़क पर ही बाजार लगवा दिया। सड़क पर बाजार लगने से मेरठ रोड पर भारी भीड़ जमा रही। इस दौरान जाम के हालात से लोग परेशान रहे। गाड़ी पुलिस पुलिसकर्मी भी वहां मौजूद रहे।
बीती 20 दिसंबर को सीएए को लेकर बवाल हुआ था। मीनाक्षी चौक इस बवाल का केंद्र रहा था। पास में ही मेरठ रोड पर स्थित नुमाइश मैदान में प्रत्येक मंगलवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। इसमें खरीदारों की भारी भीड़ रहती है। बीते मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार ने शहर के माहौल और धारा-144 का हवाला देेते हुए अग्रिम आदेशों तक मंगल बाजार पर रोक लगा दी थी। इस संबंध में नुमाइश मैदान में गेट नोटिस भी चस्पा करा दिए गए थे। 24 दिसंबर तो बाजार नहीं लगा लेकिन इस बार पुलिस ने सड़क पर ही दुकानें लगा दी, जबकि नुमाइश मैदान के गेट बंद रहे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों से सुविधा शुल्क लेकर सड़क के दोनों ओर दुकानें लगवाई हैं। कई दुकानदारों ने बताया कि उनसे 20-20 रुपये प्रति दुकान के लिए गए हैं। सड़क पर बाजार लगने के कारण दिन भर जाम के हालात रहे। पुलिसकर्मी गाड़ी लेकर मौके पर ही मौजूद रहे लेकिन किसी ने भी बाजार हटवाने की कोशिश नहीं की।
--------
इन्होंने कहा...
- मंगल बाजार पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई गई है। उन्हें बाजार लगने की जानकारी नहीं है। इस संबंध में पुलिस से जानकारी की जाएगी।
- अतुल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट।
------
- मेरठ रोड पर बाजार लगे होने की जानकारी नहीं है। इस संबंध में पता करेंगे। यदि पुलिसकर्मियों ने बाजार लगवाया है तो कार्रवाई की जाएगी।
- समयपाल अत्री, थानाध्यक्ष, सिविल लाइंस।