कोरोना मरीजों के उपचार की प्रशासन की बड़ी तैयारी
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना संक्रमितों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़े पैमाने पर उपचार के इंतजाम शुरू कर दिए हैं। शहर के द्वारिका सिटी, एसडी इंटर, लाला जगदीश प्रसाद इंटर कॉलेज, भारत आयुर्वेदिक, राधा स्वामी सत्संग व्यास में कोविड उपचार की व्यवस्था की जा रही है। मरीजों की संख्या बढ़ती है तो इन स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा।
एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि कोरोना के बढ़ते केस को दृष्टिगत सभी को उपचार देने के लिए प्रशासन पूरी तैयारी में लगा है। मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में 350 बेड की व्यवस्था कोरोना मरीजों के लिए है। जिस तरह संख्या बढ़ रही है इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना है। भारत आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में मरीजों के लिए ऑक्सीजन की व्यवस्था की जा रही है। यहां 100 की जगह 200 बेड का कोविड सेंटर बनाया जा रहा है। द्वारिका सिटी में भी 200 बेड का कोविड सेंटर बन रहा है। इसमें भी ऑक्सीजन की व्यवस्था करने की तैयारी है। इसी के साथ एसडी इंटर कॉलेज में 200 बेड, लाला जगदीश प्रसाद इंटर कॉलेज में 200 बेड और राधा स्वामी सत्संग व्यास में 250 बेड का कोविड सेंटर बनाया जा रहा है।
यहां पहुंचेंगे गंभीर मरीज
जिला प्रशासन ने भोपा रोड के ईवान हॉस्पिटल और जानसठ रोड के वर्धमान हॉस्पिटल में भी कोविड सेंटर बना दिया है। इन हॉस्पिटल में गंभीर मरीज ही पहुंचेंगे। इसी के साथ आर्यपुरी में हार्ट क्लीनिक को कोविड सेंटर बना दिया गया है।
प्रत्येक वार्ड में पहुंचेगी जांच टीम
मुजफ्फरनगर। कोविड जांच के लिए प्रत्येक वार्ड में एक चिकित्सक, दो एनएम, दो आशा, दो वार्ड ब्वाय की टीम तैयारी की जा रही है। पूरे शहर में कोविड की जांच को लेकर अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन इसके लिए व्यापक स्तर पर काम कर रहा है। बड़ी संख्या में डॉक्टर और वार्ड ब्वाय शामिल किए जा रहे हैं।