मुजफ्फरनगर। थाना रामराज पुलिस ने हनी ट्रैप के मामले में वांछित मुख्य आरोपी मीरापुर के गांव मुझेड़ा निवासी समरेज व उसके साथियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त कार, बाइक, पिस्टल और पीड़ित का एटीएम व पैन कार्ड, नगदी बरामद की।
एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि थाना मीरापुर के गांव मुझेड़ा निवासी शाहरूख, समरेज व अरमान को गिरफ्तार किया है। यह तीनों हनी ट्रैप के मामले में वांछित थे।
उनसे घटना में प्रयुक्त कार, बाइक, पिस्टल, पीड़ित को एटीएम व आधार कार्ड, दो चाकू, कारतूस, पीड़ित से लूटे 22 हजार रुपये में बचे हुए 3150 रुपये नगद बरामद हुए।
उन्होंने बताया कि हनी ट्रैप के इस मामले में गिरफ्तार शाहरुख मौके पर पिस्टल लेकर मौजूद था। उसने पिस्टल दिखाकर पीड़ित को डराया। उसकी पिस्टल के साथ वीडियो बनाई। उसे वायरल करने की धमकी दी।
गिरफ्तार अरमान व बुधवार को गिरफ्तार किए गए सुमित ने पीड़ित तालिब का एटीएम लेकर उससे पिन पूछने के बाद जानसठ जाकर एटीएम से बीस हजार रुपये निकाले थे।
इस गिरोह के सदस्य मीरापुर के मुश्तर्क निवासी नईम, अनस, गांव मुझेड़ा निवासी सुमित सैनी व एक युवती को बुधवार को गिरफ्तार किया था। इन गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी थी। बृहस्पतिवार को वांछित तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए। सभी का चालान कर दिया। गिरफ्तार सभी आरोपी दोस्त है।
पुलिस ने बताया कि हनी ट्रैप का यह मामला युवती के उकसाने पर उसके प्रेमी समरेज व उसके साथियों ने अंजाम दिया।