मुजफ्फरनगर। नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज का नाम परिवर्तित कराये जाने के लिए राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर किया जाए।
नगर पालिका द्वारा संचालित नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज का नाम परिवर्तित कर, महाराजा अग्रसेन नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज किए जाने को लेकर राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल को पत्र लिखा है। चेयपर्सन को संबोधित अपने पत्र में राज्यमंत्री ने कहा कि यदि इस कॉलेज का नाम महाराजा अग्रसेन नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज करा दिया जाए, तो समाज के सहयोग से इसमें विज्ञान आदि विषयों को पढ़ाने के लिए अतिरिक्त कक्ष, कमरे, हॉल आदि का निर्माण कराकर कॉलेज का जीर्णोद्धार किया जा सकेगा। साथ ही इसमें अन्य पाठ्यक्रमों जैसे विज्ञान, कॉमर्स आदि की भी स्वीकृति कराई जा सकेगी। राज्यमंत्री ने अपेक्षा की है कि कॉलेज का नाम परिवर्तित कराए जाने के लिए बोर्ड से प्राप्त स्वीकृति शासन को भेजी जाए, ताकि इस संबंध में आगे की कार्यवाही कराई जा सके।