महंत की शीघ्र बरामदगी न होने पर होगा थाने का घेराव
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। गांव सरनावली में स्थित शिव मंदिर के महंत हरि गिरि के संदिग्ध हालात में लापता होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने महंत की शीघ्र बरामदगी नहीं होने पर पुलिस प्रशासन को फुगाना थाने का घेराव करने की चेतावनी दी है। वहीं, आसपास क्षेत्र से पहुंचे साधु-संतों ने भी घटना पर आक्रोश जताते हुए मंदिर परिसर में ही डेरा डाल दिया है।
फुगाना थाना क्षेत्र के गांव सरनावली के बाहरी छोर पर स्थित प्राचीन शिवमंदिर में करीब 40 साल से हरि गिरि महंत हैं। वे मंदिर परिसर में स्थित एक कमरे में रहते थे। उनकी गांव में ही वोट भी बनी हुई थी। गांव सरनावली इस बार अनारक्षित श्रेणी में है। ग्रामीणों के आग्रह पर महंत ने प्रधानी का चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। ग्रामीणों ने उन्हें नामांकन पत्र भी खरीदवा दिए थे। शुक्रवार की देर रात करीब दस बजे रोजाना की भांति ग्रामीण महंत को खाना खिलाकर गांव लौट गए थे, जिसके बाद वे अपने कक्ष में चले गए थे।
शनिवार की सुबह करीब पांच बजे एक महिला पूजा करने मंदिर पहुंची, तो मुख्य गेट बंद मिला। महिला अंदर पहुंची तो महंत के कमरे में भी ताला लटका मिला, जिसकी जानकारी उसने ग्रामीणों को दी। इसके बाद ही उनके अपहरण की आशंका जताई गई, जिसकी जानकारी मिलते ही आसपास क्षेत्र से ग्रामीणों के साथ ही साधु संत भी मंदिर में पहुंचने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानी की रंजिश में महंत का अपहरण किया गया है और उनके साथ अनिष्ट भी हो सकता है। ग्रामीण नरेंद्र शर्मा ने महंत की गुमशुदगी दर्ज कराई है।
गुस्साए ग्रामीणों ने महंत की जल्द बरामदगी न होने पर फुगाना थाने के घेराव की चेतावनी दी है। वहीं, मंदिर में पहुंचे हरियाणा के सिंभालका मंदिर के महंत भरत गिरि, मेरठ स्थित अलीपुर मंदिर के शिव गिरि, महेश गिरि, ज्ञान गिरि, रतन गिरि, बाबा आदेश नाथ, ब्रह्मनाथ व चौरासी गिरि ने भी घटना पर आक्रोश जताया है। संतों का कहना है कि जब तक महंत बरामद नहीं होते, वे मंदिर परिसर में ही रहेंगे। इस दौरान विधायक उमेश मलिक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नितिन मलिक, संजय शर्मा, सोमपाल, इंद्रपाल, प्रमोद, देवी सिंह कश्यप, शौबीर, शीशपाल, कल्लू और बंटी मलिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि महंत की जल्द बरामदगी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द उन्हें सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
विधायक उमेश मलिक का कहना है कि महंत की गुमशुदगी पुलिस के लिए चुनौती है। एसएसपी ने जल्द बरामदगी का आश्वासन दिया है।