रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत
मीरापुर/रामराज। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर गांव देवल के निकट तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव संभलहेड़ा निवासी जमालुद्दीन (40) गांवों में कपड़ों की फेरी लगाता था। शनिवार सुबह वह बाइक पर साथी हारुन के साथ फेरी लगाने बिजनौर गया था। दोपहर में बिजनौर से लौटते हुए जैसे ही दोनों युवक गांव देवल के पास पहुंचे, सामने से आती तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट न पहनने के कारण दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें लगीं और वे लहूलुहान होकर अचेत हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक रोडवेज बस को वहीं छोड़ फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जानसठ सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया, जहां जमालुद्दीन को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि हारुन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रोडवेज बस को अपने कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर शाम तक हादसे की तहरीर नहीं दी गई थी।
कार की चपेट में आकर बच्चा गंभीर घायल
खतौली। जीटी रोड पर कार ने सड़क किनारे खड़े एक बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। जिस कारण बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया। उधर, पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है।
मोहल्ला इस्लामनगर निवासी आठ वर्ष का माज पुत्र यासीन जीटी रोड पर टीवीएस एजेंसी के समीप सड़क किनारे खड़ा था। दयालपुरम निवासी कार चालक तेज गति से कार लेकर आया और बच्चे को चपेट में ले लिया। जिस कारण बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क दुर्घटना के बाद घबराए कार चालक ने वहां से भागने का प्रयास किया, लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस टीम ने कार का पीछा कर चालक को पकड़ लिया। उधर, बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। नगर के कुछ जिम्मेदार लोग दोनों पक्षों के बीच फैसला कराने का प्रयास कर रहे है। संवाद